बलरामपुर : टीबी मुक्त भारत अभियान को जिले में मिल रही नई गति
100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं बलरामपुर, 21 जून (हि.स.)। जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान को लगातार गति मिल रही है। आज रविवार को भी दूरस्थ और संव
टीबी मुक्त


100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं

बलरामपुर, 21 जून (हि.स.)। जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान को लगातार गति मिल रही है। आज रविवार को भी दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रही तथा संभावित टीबी मरीजों की पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की गईं।

भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत जिले के ग्रामीण एवं दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशन, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में अभियान का प्रभावी संचालन किया जा रहा है।

24 मार्च 2026 से प्रारंभ इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से स्क्रीनिंग कर टीबी रोग की शीघ्र पहचान करना और समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांव-गांव पहुंचकर संभावित मरीजों की जांच कर रही हैं।

इसी कड़ी में जिले के दूरस्थ ग्राम पुंदाग में विशेष शिविर आयोजित किया गया, जहां 102 उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनकी एक्स-रे जांच की गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 20 जून तक जिले में 114 विशेष शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से 15,109 लोगों की एक्स-रे जांच की गई है। जांच के आधार पर चिन्हित संभावित मरीजों की आगे की पुष्टि और उपचार की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जा रही है।

अभियान के दौरान लोगों को टीबी के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच और नियमित उपचार के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य समयबद्ध तरीके से टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराना और जिले को टीबी मुक्त बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय