Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बाड़मेर, 21 जून (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में मां और उसके सात वर्षीय बेटे की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। दोनों घर के पास बनी डिग्गी के किनारे सेल्फी ले रहे थे, तभी बच्चे का पैर फिसलने से वह पानी में गिर गया। बेटे को बचाने के लिए मां भी डिग्गी में कूद गई, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी।
घटना बाड़मेर जिले के बानो की बेरी दूध गांव में रविवार सुबह हुई।
सदर थाना अधिकारी करतार सिंह ने बताया कि जीयो देवी (30) पत्नी गोसाईराम अपने सात वर्षीय पुत्र हितेश के साथ तीन दिन पहले ही अपने पीहर आई थी। रविवार को परिवार के अधिकांश सदस्य एक सामाजिक कार्यक्रम में गए हुए थे और घर पर जीयो देवी, उसकी बड़ी बहन तथा बच्चे मौजूद थे।
मृतका के भाई जालाराम ने बताया कि घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित डिग्गी के पास जीयो देवी अपने बेटे हितेश के साथ सेल्फी ले रही थी। पहले उसने बेटे के साथ फोटो ली। इसके बाद जैसे ही वह अकेले सेल्फी लेने के लिए बेटे को नीचे उतार रही थी, तभी हितेश का पैर फिसल गया और वह डिग्गी में गिर गया।
बेटे को बचाने के प्रयास में जीयो देवी भी पानी में कूद गई।
घटना देखकर जीयो देवी की बड़ी बहन ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची।
करीब 15 फीट गहरी डिग्गी में अधिक पानी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाई आई। पहले जेसीबी की मदद से दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर जेसीबी से डिग्गी की एक दीवार तोड़कर पानी निकाला गया। स्थानीय लोगों और सिविल डिफेंस टीम की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1:30 बजे मां और बेटे के शव बाहर निकाले जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित