Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मऊ, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के घोसी क्षेत्र के हाजीपुर स्थित पिढवल मोड़ पर शनिवार शाम को सड़क हादसे में महिला की मौत पर हुए पथराव के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। इस मामले में 39 नामजद और करीब 250 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने रविवार को बताया कि शनिवार शाम को सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला शांति देवी की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए वाराणसी-गोरखपुर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने लगातार हो रहे सड़क हादसों के लिए प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। जाम के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस जब समझाने पहुंची तो भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई। जिसके बाद हालात बिगड़ गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तनावपूर्ण स्थिति को संभाला।
घटना के बाद उपनिरीक्षक दिवाकर राना की तहरीर पर पुलिस ने 39 नामजद और करीब 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र