Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 21 जून (हि.स.)। जिले को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रविवार को पुराना बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
पुराना बस स्टैंड परिसर में आयोजित अभियान में सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भूलन सिंह मरावी, छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान में कलेक्टर रेना जमील, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर परिसर की सफाई की और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जिलेवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सभी के सहयोग और सहभागिता से ही जिले को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय