Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 21 जून (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। रविवार को जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। झुंझुनूं में सर्वाधिक 34 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने आगामी 24 जून तक राज्य के 12 जिलों में मेघगर्जन, आंधी और बारिश की संभावना जताते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जयपुर, पिलानी, कोटा, चूरू, श्रीगंगानगर, झुंझुनूं, संगरिया और दौसा सहित विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई। बारिश के साथ कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं। इसके बावजूद श्रीगंगानगर सहित चार शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा, जबकि तीन शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया, जबकि संगरिया में न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर में भी दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। वहीं जोधपुर और पाली में भी रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 22 से 24 जून तक मेघगर्जन के साथ आंधी और वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। हालांकि दक्षिणी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियों में कमी आ सकती है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। शनिवार को राज्य में सर्वाधिक 62 मिलीमीटर वर्षा बारां जिले के अटरू में रिकॉर्ड की गई। वहीं सीकर में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
राजधानी जयपुर में रविवार सुबह घने बादल छाए रहे और लगभग एक घंटे तक रुक-रुक कर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। दोपहर बाद बादलों के बीच धूप निकलने से उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के प्रभाव से जयपुर के अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश