Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काठमांडू, 21 जून (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने भारत से सीमा विवाद पर रविवार को स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे पास कालापानी और लिपुलेख के पर्याप्त प्रमाण हैं। यदि हमें ब्रिटिश शासनकाल के दस्तावेज़ प्रस्तुत करने की आवश्यकता पड़े, तो हम वे भी प्रस्तुत करेंगे, लेकिन हमारा उद्देश्य ब्रिटेन को मध्यस्थ बनाना नहीं है।
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के प्रथम महाधिवेशन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संसद में उन्होंने भारत के साथ सीमा विवाद के मुद्दे पर आवश्यकता पड़ने पर ब्रिटिश पक्ष से भी बात करने की तैयारी जताई थी। इसके बाद यह सवाल उठाया गया कि नेपाल-भारत सीमा विवाद में किसी तीसरे देश की उपस्थिति की आवश्यकता क्यों पड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नेपाल अपने पड़ोसी देशों के साथ प्रमाणों के आधार पर बातचीत करके सीमा विवाद का समाधान करेगा। उन्होंने कहा कि हम अपने पड़ोसियों से स्वयं बातचीत करके इस मुद्दे को सुलझाएंगे। हमारे पास पर्याप्त प्रमाण हैं। उन्होंने आगे कहा कि मेरी राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीयता पर किसी को भी संदेह करने की आवश्यकता नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास