Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरैना, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र के पंचमपुरा गांव में शादी समारोह के दौरान हुआ पारिवारिक विवाद एक दुखद घटना में बदल गया। अपने ससुराल साले की शादी में शामिल होने आए एक युवक ने कहासुनी के बाद तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली।
घटना शनिवार देर रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रातभर सर्च अभियान चलाकर रविवार सुबह शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार नगरा थाना क्षेत्र के तुस्सन का पुरा निवासी देवेंद्र जाटव अपनी ससुराल पंचमपुरा गांव में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने आया था। देर रात किसी बात को लेकर उसका ससुर और साले से विवाद हो गया। इसके बाद वह पास स्थित तालाब की ओर चला गया और छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देवेंद्र को तालाब में कूदता देख उसका साला उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा। इस दौरान देवेंद्र ने उसका हाथ दांतों से काट लिया। इससे बचाव का प्रयास सफल नहीं हो सका और वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह करीब 6 बजे शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
डीएसपी मुख्यालय विजय भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के बाद घटना होने की बात सामने आई है। देवेंद्र जाटव अपनी ससुराल पंचमपुरा गांव में साले की शादी में शामिल होने आया था। शादी समारोह के दौरान किसी बात पर उसका अपने ससुर और साले से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर नाराज देवेंद्र पास के तालाब तक गया और उसमें छलांग लगा दी।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही घटना के सभी तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
जानकारी के अनुसार देवेंद्र जाटव की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व प्रीति जाटव से हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे घुरैया (12), राघवेंद्र (10) और दो बेटियां इशू (14) और जनेश (5) हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, जबकि जिस घर में विवाह की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां मातम पसर गया। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे