Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोरबा, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एसईसीएल दीपका क्षेत्र में “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, दीक्षा महिला समिति, दीपका क्षेत्र की सदस्याओं तथा विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता एवं प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
प्रातःकाल आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। कार्यक्रम के माध्यम से नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि आज की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, जिससे व्यक्ति के साथ-साथ संस्था की कार्यसंस्कृति भी सुदृढ़ होती है।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, जागरूक एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी