अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर टाटा जू में योग और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
जमशेदपुर, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टाटा जू) परिसर में योग और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जू के कर्मचारियों, सुरक्षा कर्
टाटा जू में योग का संचालन करते प्रख्यात योग प्रशिक्षक एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. अनिल रॉय


जमशेदपुर, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टाटा जू) परिसर में योग और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जू के कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों और ई-कार्ट चालकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की प्रक्रियाओं का अभ्यास किया। योग सत्र का संचालन प्रख्यात योग प्रशिक्षक एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. अनिल रॉय ने किया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

डॉ. रॉय ने विशेष रूप से बढ़ती उम्र में योग की उपयोगिता पर चर्चा करते हुए बताया कि योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से सक्रिय बनाए रखने के साथ-साथ विभिन्न जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव में भी सहायक है। उन्होंने प्रतिभागियों को दिनचर्या में योग को शामिल करने की सलाह दी और इसके दीर्घकालिक लाभों की जानकारी दी।

योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, फिटनेस और संतुलित जीवनशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त करने का अवसर भी मिला। कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों ने अपने स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों और जिज्ञासाओं को विशेषज्ञों के समक्ष रखा, जिनका समाधान डॉ. रॉय ने सरल, व्यावहारिक और उपयोगी सुझावों के माध्यम से किया। इस संवादात्मक सत्र ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी तथा ज्ञानवर्धक बना दिया।

इस अवसर पर टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क के निदेशक डॉ. नईम अख्तर, पशु चिकित्सा सलाहकार डॉ. एम. पालित, डॉ. एस.के. महतो, डॉ. सीमा रानी सहित पार्क के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे स्वस्थ समाज और बेहतर भविष्य की दिशा में एक प्रभावी माध्यम बताया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक