Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पलामू, 21 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी के बैनर तले रविवार को बिहार में हुए भरत तिवारी इनकाउंटर मामले की निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग को लेकर पलामू मुख्यालय मेदिनीनगर में आक्रोश रैली का आयोजन किया गया।
रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
रैली की शुरुआत संगठन के प्रदेश कार्यालय से हुई, जहां उपस्थित लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में भरत तिवारी को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर नारे लगाए। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में युवा वाहक हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए चंद्रशेखर आजाद चौक, रेड़मा पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार से मामले की जांच सीबीआई से कराने और पीड़ित परिवार को उचित सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। सनातन धर्म सभा, रक्षा सूत्र परिवार सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रैली में शामिल होकर एकजुटता दिखाई और निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन किया।
प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि न्याय और पारदर्शिता की मांग को लेकर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी आवाज शांतिपूर्ण तरीके से उठाने का अधिकार है और वे इसी अधिकार के तहत न्याय की मांग कर रहे हैं।
रैली के समापन पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में भरत तिवारी को न्याय दिलाने का संकल्प लिया और कहा कि जब तक निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
मौके पर प्रदेश संरक्षक मनु प्रसाद तिवारी, उपाध्यक्ष अनील दुबे, सुशील तिवारी, राजीव रंजन पाण्डेय, सुनील पाण्डेय, सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी, महासचिव राम प्रकाश तिवारी, सुनील तिवारी, पांकी विधानसभा प्रत्याशी रूद्र शुक्ला, जिलाध्यक्ष मनीष ओझा सहित कई युवा वाहक मौजूद थे ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार