बिजली खंभे से टकराई बाइक, एक की मौत
खूंटी, 21 जून (हि.स.)। खूंटी-तमाड़ मुख्य मार्ग पर रीदाडीह के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड के हाहे गांव निवासी मनोज कुमार (४८) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी रविवार सुबह स्थ
दुर्घटना


खूंटी, 21 जून (हि.स.)। खूंटी-तमाड़ मुख्य मार्ग पर रीदाडीह के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई।

मृतक की पहचान रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड के हाहे गांव निवासी मनोज कुमार (४८) के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी रविवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ग्रामीणों ने रीदाडीह के तीखे मोड़ के पास सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त बाइक और एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मनोज कुमार शनिवार देर रात बाइक से खूंटी से तमाड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रीदाडीह के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कुछ समय तक वह जीवित रहे होंगे, लेकिन रात के समय सड़क सुनसान होने के कारण उन्हें समय पर सहायता नहीं मिल सकी। अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौत हो गई। रविवार सुबह तक शव घटनास्थल के पास ही पड़ा रहा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा