Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


कोडरमा, 21 जून (हि.स.)। रविवार को डोमचांच स्थित सीएम प्लस टू हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम के दौरान उस समय बड़ा विवाद हो गया, जब स्थानीय विधायक को मंच पर दीप प्रज्वलन के लिए आमंत्रित नहीं किया गया। कार्यक्रम में कोडरमा की सांसद सह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें कुछ अतिथियों को ही मंच पर बुलाया गया। इस दौरान विधायक डॉ. नीरा यादव को नजरअंदाज किए जाने से विवाद बढ़ गया। मंच से अलग रखे जाने पर विधायक डॉ. नीरा यादव ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि वह पिछले 12 वर्षों से लगातार योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेती रही हैं, लेकिन इस तरह का व्यवहार पहले नहीं हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि यह एक सरकारी कार्यक्रम था। इसके बावजूद न तो मंच पर उनका नाम प्रदर्शित किया गया और न ही उनकी तस्वीर लगाई गई। विधायक ने इसे अपमानित करने वाला कृत्य बताते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही प्रशासनिक स्तर पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
विधायक डॉ. नीरा यादव ने वहां कहा कि वह इस व्यवहार से आहत होकर कार्यक्रम छोड़कर जा सकती थीं, लेकिन यह प्रधानमंत्री से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन था, इसलिए उन्होंने कार्यक्रम में बने रहना उचित समझा। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल असम्मानजनक है, बल्कि प्रोटोकॉल की अनदेखी भी है। विधायक डॉ नीरा यादव ने यह भी कहा कि वह इस मामले को उच्च स्तर पर उठाएंगी ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न ना हो। कार्यक्रम के दौरान काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण रहा तो वहीं कई वरीय अधिकारी भी सहज नहीं दिखे। इस प्रकरण में वे कुछ कहने से भी बचते रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर