Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 21 जून (हि.स.)। उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार एवं जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह ने रविवार को बैंक मोड़ स्थित डीएमसी मॉल में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित भव्य आम महोत्सव का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार भी मौजूद थे।
उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने सभी स्टॉल का भ्रमण किया और आम की विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि आम महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य सीधे किसानों से लोगों के घर तक ऑर्गेनिक तरीके से पके आम पहुंचना है। साथ में स्थानीय आम उत्पादकों और स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने एवं उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से भी इसका आयोजन किया गया है।
आम महोत्सव में लोगों का भारी उत्साह और खरीददारों की भारी भीड़ को देखते हुए उपायुक्त ने कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि लोगों ने आम को बहुत पसंद किया है। इसलिए किसानों को हर सहायता देकर आम की उपज को दुगना करना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि मनरेगा से ०5 एकड़ भूमि पर आम बागवानी करने वाले किसानों को डीएमएफटी से पानी का स्रोत उपलब्ध कराया जाएगा। इससे उनकी उपज और आमदनी में वृद्धि होगी। साथ में बताया कि जिले के बलियापुर, निरसा सहित अन्य हाट बाजारों का उन्नयन कर उसे उत्कृष्ट बाजार बनाया जाएगा। जिसमें सारी व्यवस्था सुदृढ़ रहेगी।
आम महोत्सव में गोविंदपुर किसान साथी प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, बलियापुर कृषि उत्थान महिला प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, पलाश मार्ट, निरसा नारी शक्ति कृषि उत्थान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, जय धरती मां फाउंडेशन ने अपने-अपने स्टाल लगाए थे। वहीं लंगड़ा, दशहरी, आम्रपाली, सिंदूरी, मल्लिका, मियाजाकी, चौसा, भागलपुरी रानी सहित अन्य प्रजाति की आम देखने को मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा