Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


जिलेभर में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
बलरामपुर, 21 जून (हि.स.)। जिलेभर में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सामाजिक स्थलों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया। डीपाडीह, बाबा बछराज कुंवर धाम और खुशी वृद्धाश्रम सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योग आयोजन किए गए।
जनपद पंचायत शंकरगढ़ अंतर्गत पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थल डीपाडीह सामत सरना परिसर में सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने योग प्रोटोकॉल के अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
वहीं जनपद पंचायत वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत मानपुर स्थित बाबा बछराज कुंवर धाम में आयोजित योग शिविर में प्रतिभागियों ने आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक वातावरण के बीच विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया गया।
खुशी वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों ने भी पूरे उत्साह के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। वृद्धजनों ने अपनी क्षमता के अनुरूप योगासन एवं प्राणायाम कर नियमित योग के महत्व को रेखांकित किया। उपस्थित लोगों ने उनके उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा की सराहना की।
इसके अलावा जिले की सभी जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायतों, मंडी प्रांगणों, नगर सेना कैंपों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, जवानों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों को नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय