Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


वाहन स्वामियों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
बलरामपुर, 21 जून (हि.स.)। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने रविवार को ग्राम मितगई एवं पिपरौल स्थित सेंदूर नदी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त छह वाहनों को जब्त किया।
खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी ने बताया कि, जांच अभियान के दौरान ग्राम मितगई से चार तथा ग्राम पिपरौल से दो वाहन अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए। कार्रवाई के बाद जब्त वाहनों को पुलिस चौकी विजयनगर एवं तातापानी की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों के स्वामियों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खनिज अधिकारी ने कहा कि, जिले में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निरीक्षण और जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि कहीं भी अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय