Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 21 जून (हि.स.)। बागबेड़ा थाना पुलिस ने जिला बदर (तड़ीपार) आदेश का उल्लंघन कर क्षेत्र में सक्रिय एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान बागबेड़ा रामनगर निवासी दीपक तिवारी उर्फ काना के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दबोचा।
रविवार को जुगसलाई स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में विधि-व्यवस्था डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए) के तहत दीपक तिवारी को 18 अप्रैल से 17 जुलाई तक के लिए जिला बदर किया गया था। इस अवधि के दौरान उसे पूर्वी सिंहभूम जिले की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद वह चोरी-छिपे क्षेत्र में रहकर अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा था।
डीएसपी ने बताया कि शनिवार की रात में पुलिस को सूचना मिली कि दीपक तिवारी रामनगर इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक उमेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामनगर के समीप छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तड़ीपार अवधि के दौरान भी आरोपित लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा। उसके खिलाफ ०6 मई को मारपीट और 13 जून को एनडीपीएस एक्ट के तहत बागबेड़ा थाना में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि जिला बदर आदेश के बावजूद वह कानून की अवहेलना कर अपराध करने में सक्रिय था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दीपक तिवारी का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। वर्ष 2021 से अब तक उसके खिलाफ बागबेड़ा थाना में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, रंगदारी, मारपीट सहित सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए प्रशासन ने उसे जिला बदर करने की कार्रवाई की थी।
गिरफ्तारी अभियान में थाना प्रभारी उमेश कुमार ठाकुर के अलावा एएसआई संतोष कुमार, एएसआई सुनील कुमार यादव और बागबेड़ा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक