Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रोहतक, 21 जून (हि.स.)। महम में कांग्रेस विधायक के कार्यालय पर फायरिंग के बाद चाैतरफा घिरी राेहतक पुलिस ने रविवार काे मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश को पैर में गोली लगी है और घायल अवस्था में उसे पीजीआई में भर्ती कराया गया है। आरोपी गैंगस्टर छोटा सैमाणिया का गुर्गा बताया जा रहा है। पुलिस दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी संबंधित स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
अपराध जांच शाखा प्रभारी कुलदीप ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग करने वाला आरोपी लाखनमाजरा से खरकडा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही सीआईए की टीम ने क्षेत्र की नाकेबंदी कर वाहनों की जांच पड़ताल शुरू कर दी। इसी दौरान टीम ने शक के आधार पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोकने का प्रयास किया तो युवक ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग भी की।
जबावी कारवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल हो गया और बाद में उसे काबू कर लिया। पूछताछ पर आरोपी की पहचान अमन के रूप में हुई है, जो गैगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया का गुर्गा है। पुलिस ने आरोपी से पास से अवैध हथियार व मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस आरोपी का अपराधिक रिकार्ड भी खंगालने में जुटी है। दरअसल हाल ही में दो बदमाशों ने महम के विधायक बलराम दांगी के कांग्रेस कार्यालय पर चार राउड फायरिंग की थी और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद भी हो गई थी। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आठ टीमों का भी गठन किया हुआ है। पुलिस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संबंधित स्थानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
----------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल