धारः बदनावर पुलिस ने 40 लाख की चोरी का किया पर्दाफाश, राजस्थान के गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार
40 lakh ki chori
Atirikt police adhikshak jankari dete hue


Police Dal ke sath girftar aaropi


धार, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर नगर के कस्बे क्षेत्र में हुई चर्चित नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए बदनावर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने रविवार को बताया कि पुलिस ने राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के गिलियाकोट निवासी एक ही परिवार से जुड़े पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर एवं नकदी बरामद की है।

उन्होंने बताया कि 2-3 जून की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने भाजपा नेता राजेश अग्रवाल के सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखी लक्ष्मीजी की सोने की मूर्ति, चेन, हार, अंगूठियां, कंगन सहित बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। मामले में बदनावर थाने में प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई थी। गठित टीम ने लगातार सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान संदिग्ध कार की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस राजस्थान तक पहुंची और आरोपियों को दबोच लिया।

300 ग्राम सोना दो किलो चांदी और नकदी बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 300 ग्राम सोने के जेवर, करीब 2 किलोग्राम चांदी के आभूषण व अन्य सामान तथा 13 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के पांच आरोपीयों आनंद सिंह पुत्र पर्वत सिंह,बलवीर सिंह पुत्र पर्वत सिंह,पर्वत सिंह पुत्र जाम सिंह सिकलीगर,भूरीबाई पत्नी पर्वत सिंह सिकलीगर,अमर सिंह पुत्र लाल सिंह सिकलीगर निवासी ग्राम गिलियाकोट, थाना बितरी, जिला डूंगरपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा प्रकरण में लक्ष्मण उर्फ रघुवीर सिंह एवं गजेन्द्र पुत्र लाल सिंह सिकलीगर अभी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार, शेष नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi