अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अक्षय पात्र फाउंडेशन ने आयोजित किया विशेष योग सत्र
नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से रविवार को दिल्ली के गोल मार्केट स्थित केंद्रीय रसोईघर के निकट एक पार्क में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को योग के प्रत
अक्षय पात्र फाउंडेशन के कर्मचारी मौजूद।


नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से रविवार को दिल्ली के गोल मार्केट स्थित केंद्रीय रसोईघर के निकट एक पार्क में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को योग के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराना था।

फाउंडेशन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस योग सत्र में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में संचालित अक्षय पात्र के सभी पांच रसोईघरों के 70 से अधिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया।

योग सत्र का संचालन योग विशेषज्ञ गंगा प्रसाद शर्मा, सौरभ गोयल, शिवानी यादव, निशा गोयल और मेघाश्री ने संयुक्त रूप से किया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकों का अभ्यास कराया तथा उनके सही तरीके और स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सत्र के दौरान योग विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रतिभागियों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसने आज वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार होने के साथ-साथ व्यक्ति के समग्र विकास का प्रभावी माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन अपने कर्मचारियों के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण को प्राथमिकता देता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस और कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, ताकि कर्मचारियों को स्वस्थ और सकारात्मक कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और योग के महत्व को समझा। सत्र के अंत में सभी कर्मचारियों ने नियमित रूप से योग करने तथा इसे अपनी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी