Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

दुर्ग, 21 जून (हि.स.)। भिलाई के टाउनशिप क्षेत्र से आत्महत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में रविवार काे एक कॉलेज छात्र का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 22 वर्षीय दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है, जो कल्याण कॉलेज का छात्र था। उसके पिता भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में कर्मचारी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, दीपांशु घर से लापता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसने अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे, जिसके बाद उसने रस्सी खरीद और कथित तौर पर फांसी लगा ली। वहीं मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है, “मुझसे इतनी नफरत के लिए धन्यवाद। मुझे दफनाना नहीं, मेरा अंतिम संस्कार करना।”
हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल