Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फतेहाबाद, 21 जून (हि.स.)। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनसी सेल फतेहाबाद ने एक युवक को 23 किलो 20 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रविवार को एएनसी सेल फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक साधु राम ने बताया कि उप निरीक्षक प्रेम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जांडली खुर्द बस अड्डा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि हिसार जिले के गांव काबरेल निवासी दीवान सिंह, जो वर्तमान में जाखल क्षेत्र में रह रहा है, मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर भूना क्षेत्र में बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कुला रोड स्थित कैची चौक पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने वापस मुडऩे का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। नशा तस्करी से जुड़े मामले की सूचना डीएसपी नर सिंह बिश्नोई को दी गई। डीएसपी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे सफेद प्लास्टिक कट्टे से 23 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भूना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा