Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 21 जून (हि.स.)। विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवारों को बेहतर आवागमन सुविधा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनाई जा रही सड़क और पुल-पुलिया निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरबांधा के बगबूढ़ापारा में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग, सीमेंट-सरिया की मात्रा में कमी और अधिकारियों-ठेकेदार की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए रविवार काे कलेक्टर से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्राम पंचायत बाजार कुर्रीडीही की सरपंच मनीषा मरकाम, सरपंच प्रतिनिधि नरेश मरकाम एवं उपसरपंच राधेलाल मरकाम ने बताया कि कुकरेल से कुर्रीडीही मुख्य मार्ग से बगबूढ़ापारा तक लगभग 4.50 किलोमीटर सड़क निर्माण के दौरान पुल-पुलिया में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद ठेकेदार, मेट और मुंशी ने उनकी बातों को नजरअंदाज किया। मामले को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान पंच अमर सिंग ध्रुव, चित्ररेखा बाई, सरस्वती, जागेश्वरी, पांचूराम कमार, बलराम, शेरसिंग, पुराणिक, नंद लाल कमार सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा