नोएडा : निर्माणाधीन बिल्डिंग की 13वीं मंजिल से गिरकर वृद्ध श्रमिक की मौत
नोएडा, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर 142 क्षेत्र में निर्माणाधीन एक बिल्डिंग के 13वीं मंजिल से गिरकर 66 वर्षीय मजदूर की रविवार को मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुल
प्रतीकात्मक छवि


नोएडा, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर 142 क्षेत्र में निर्माणाधीन एक बिल्डिंग के 13वीं मंजिल से गिरकर 66 वर्षीय मजदूर की रविवार को मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सेक्टर 142 के प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सेक्टर 142 में निर्माणाधीन एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करते समय रविवार को 13वीं मंजिल से पश्चिम बंगाल के मालदा जिला के बाबूपुर सिंघौर निवासी शिबू टुडू (66) पुत्र मान टुडू असंतुलित होकर नीचे गिर गए। उन्हें उपचार के लिए फेलिक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी श्रम विभाग के अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम को दी गई। दोनों मौके पर हैं। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। कानून व्यवस्था संबंधित कोई समस्या नहीं है।

थानेदार ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अगर वे इस मामले में कोई शिकायत करेंगे तो रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। वहीं निर्माणाधीन साइट पर मौजूद श्रमिकों का कहना है कि बिल्डर और ठेकेदार ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे, जिसकी वजह से यह घटना हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी