Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गाजियाबाद, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित मसूरी थाना क्षेत्रांर्तगत नाहल झाल स्थित गंगनहर पर वाटरट्रीटमेंट प्लांट के पुल से शनिवार को एक युवक ने प्रेमिका से प्रताड़ित होकर गंगनहर में छलांग लगा दिया। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर एक महिला भी साथ थी जिसे लोगों ने गंगनहर में कूदने से बचाया, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत मे लिया है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें युवक के शव की तलाश में जुटी है।
गंगनहर में डूबे युवक की पहचान शादाब 23 पुत्र अमीरुद्दीन निवासी किला मोहल्ला डासना वेव सिटी के रूप में हुई है। युवक के परिजनों का आरोप है कि एक महिला शादाब को पिछले कुछ दिनों से टॉर्चर करके पैसों की डिमांड कर रही थी, जिससे तंग आकर वह गंगनहर में कूद गया।
शादाब के बड़े भाई शाहरुख का आरोप है कि उसके छोटे भाई शादाब का पहले एक महिला से प्रेम प्रसंग था। इस महिला ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। मृतक के भाई ने बताया कि उसका भाई माल वाहक वाहन चलाकर अपना गुजर बसर कर रहा था। मृतक की शादी इसी वर्ष 13 फरवरी को भूडगढ़ी निवासी अलीमुद्दीन की बेटी से हुई थी।
एसीपी मसूरी अजय सिंह ने बताया कि शनिवार को एक युवक के गंगनहर में डूबने की सूचना प्राप्त हुई, डूबे हुए युवक की पहचान शादाब पुत्र अमीरुद्दीन निवासी मोहल्ला किला डासना के रूप में हुई है, सूचना के आधार पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों व एनडीआरएफ की सहायता से गंगनहर में युवक की तलाश कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी