Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 20 जून (हि.स.)। गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कानपुर एलुमनी एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा में नई कार्यकारिणी का निर्वाचन शनिवार को किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद वी. एन. श्रीवास्तव को अध्यक्ष, विजय अवस्थी को कोषाध्यक्ष तथा सुनील कुमार मिश्रा को महासचिव चुना गया। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ भी दिलाई गई।
संस्थान परिसर में आयोजित आम सभा में संगठन की गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं और पूर्व छात्रों की सहभागिता को बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक में एलुमनी नेटवर्क को अधिक सक्रिय बनाने तथा संस्थान के शैक्षणिक और तकनीकी विकास में पूर्व छात्रों की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
निर्वाचन अधिकारी पंकज कर्ण की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें संगठन की भावी योजनाओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित सदस्यों ने नई कार्यकारिणी से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संरक्षक एवं प्रभारी प्रधानाचार्य ने कहा कि एलुमनी एसोसिएशन संस्थान और पूर्व छात्रों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों के अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग से संस्थान को नई दिशा मिल सकती है तथा वर्तमान विद्यार्थियों को भी इसका लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की गतिविधियों को और व्यापक बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सिविल अभियांत्रिकी व्याख्याता पीयूष मालवीय, पूर्व अध्यक्ष गणेश करकरे, पूर्व महासचिव प्रवीण पोरवाल, वी. के. दीक्षित, सीमांत सिंह, नियोगी जी, सचिन अवस्थी सहित बड़ी संख्या में एलुमनी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप