Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 20 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहिरवां का जायजा लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, पैथोलॉजी सुविधा और टीकाकरण व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान फार्मासिस्ट योगेश सिंह अनुपस्थित मिले, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य केंद्र पर मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
जायजे के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. बृजभान सिंह यादव ने स्वास्थ्य केंद्र में संचालित सेवाओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र पर आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा पैथोलॉजी सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।
इस दौरान तीन एएनएम भी केंद्र पर मौजूद नहीं मिलीं। जानकारी करने पर बताया गया कि वे क्षेत्र में टीकाकरण अभियान के तहत फील्ड कार्य में लगी हैं। जिलाधिकारी ने मोबाइल फोन पर उनसे संपर्क कर उनकी लोकेशन और मौके पर चल रही गतिविधियों की पुष्टि की।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र पर आए मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार, दवा वितरण और अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। मरीजों ने उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे और किसी भी मरीज को इलाज या जांच के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप