Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


औरैया, 19 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल तहसील क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में आयोजित क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने फीता काटकर किया। टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और युवा खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांवों की प्रतिभाओं में अपार क्षमता होती है। छोटे-छोटे गांवों के मैदानों से निकलकर कई खिलाड़ी देश और विदेश में अपना तथा अपने क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। खेलकूद से शारीरिक और मानसिक विकास होता है, इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन में बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने की आवश्यकता है। ऐसे टूर्नामेंट युवाओं के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने का काम करते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को गलत रास्तों से दूर रखते हैं।
टूर्नामेंट कमेटी के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन का भरोसा दिलाया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की बात कही।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य उदय वीर यादव, प्रतीत सिंह उर्फ पुल्ली यादव, विधानसभा अध्यक्ष रामकुमार दोहरे, रामरतन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट कमेटी के अध्यक्ष अगेंद्र प्रताप सिंह एवं आयोजक पारस, बोबी, समर, रवि राजपूत, अंश, पीयूष, डुग्गू और अनुराग ने अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के शुभारंभ के साथ ही खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मुकाबले की शुरुआत की। गांव में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता ने युवाओं में नई ऊर्जा और खेल के प्रति जागरूकता पैदा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार