Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

महोबा, 19 जून (हि.स.)। बुंदेलखंड के महोबा में रविवार 21 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिसको लेकर ऐतिहासिक गोरखगिरी पर्वत पर आज शुक्रवार से 21 जून तक आमजनमानस के लिए दर्शन भ्रमण और भंडारा के लिए रोक लगाई गई है। सीएम के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है।
जनपद मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक गोरखगिरी पर्वत को नाथ संप्रदाय के गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली माना जाता है। जहां गुरु गोरखनाथ ने गुफा में बैठकर तप किया था। रविवार को सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि को संवारने का काम किया जा रहा है। प्रशासन सीएम के आगमन को लेकर तैयारियों में जुटा है। भीषण गर्मी के बावजूद अफसर गोरखगिरि पर्वत पर पसीना बहाते नजर आ रहे हैं।
अपर जिला मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज ने शुक्रवार को बताया कि गोरखगिरि पर कार्य चल रहा है। कार्य प्रगति पर होने के कारण गोरखगिरि पर्वत पर आज शुक्रवार से 21 जून रविवार तक भ्रमण, भंडारा व दर्शन हेतु पर आमजनमानस के लिए प्रतिबंधित रहेगा। एडीजी जोन प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने गुरुवार को कार्यक्रम स्थल एवं गोरखगिरि का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।सीएम के कार्यक्रम को लेकर जिले भर में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
ऐसा माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि पर जाएंगे और सिद्ध बाबा की पूजा अर्चना करेंगे। योगी आदित्यनाथ पूर्व में कई बार हेलीकॉप्टर से गोरखगिरि की परिक्रमा लगा चुके हैं, लेकिन इस बार वह पहली बार लगभग एक किमी पैदल चल कर सिद्ध बाबा पहुंचेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी