Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चेन्नई, 17 जून (हि.स.)। तमिलनाडु में मौसम इन दिनों दोहरे रूप में दिखाई दे रहा है। एक तरफ राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, तो दूसरी ओर भीषण गर्मी भी लोगों को परेशान कर रही है। चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र ने आज राज्य के विभिन्न जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को पश्चिमी घाट से लगे जिलों के अलावा नमक्कल, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरि, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, तिरुचिरापल्ली, पेरंबलूर और अरियालुर जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं नीलगिरि, डिंडीगुल, थेनी, मदुरै, शिवगंगई और रामनाथपुरम जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।
बारिश के बावजूद राज्य के कई हिस्सों में गर्मी का असर बरकरार है। पिछले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु के 12 जिलों में तापमान 100 डिग्री फ़ारेनहाइट (लगभग 38 डिग्री सेल्सियस) से अधिक दर्ज किया गया।
सबसे अधिक तापमान मदुरै में 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद चेन्नई के मीनाम्बक्कम में 40.5 डिग्री सेल्सियस, तिरुत्तणी में 40.2 डिग्री सेल्सियस, पालायमकोट्टई में 39.8 डिग्री सेल्सियस, करूर में 39.0 डिग्री सेल्सियस और कडलूर में 38.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि कुछ स्थानों पर तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
राजधानी चेन्नई और इसके उपनगरीय क्षेत्रों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। चेन्नई में अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 18 जून को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। जिन जिलों में भारी वर्षा की संभावना है उनमें नीलगिरि, थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, ईरोड, नमक्कल, करूर, तिरुचिरापल्ली, पुडुकोट्टई, शिवगंगई, अरियालुर और पेरंबलूर शामिल हैं।
पूर्वानुमान के अनुसार 19 जून को दक्षिणी तटीय तमिलनाडु के जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 22 जून तक राज्य के कई हिस्सों, विशेष रूप से कावेरी डेल्टा क्षेत्र और उत्तरी तमिलनाडु में मध्यम वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।
चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से मौसम संबंधी ताज़ा अपडेट पर नजर रखने तथा भारी बारिश, तेज हवाओं और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV