बहराइच : तेंदुए ने किया किसान पर हमला
बहराइच, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीण खासा चिन्तित हैं। ताजा मामला मोतीपुर वन रेंज के ग्राम पंचायत चंदनपुर का है, जहां बुधवार
तेंदुए के हमले से जख्मी किसान


बहराइच, 17 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीण खासा चिन्तित हैं। ताजा मामला मोतीपुर वन रेंज के ग्राम पंचायत चंदनपुर का है, जहां बुधवार की सुबह एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर जख्मी कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।

मोतीपुर वन रेंज के ग्राम पंचायत चंदनपुर के रहने वाले झनकू बुधवार को अपने खेत में खेती से जुड़ा कार्य कर रहे थे। तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक पीछे से झनकू पर हमला कर दिया। तेंदुए के इस हमले से झनकू के पेट, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्म हो गए और वह घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुँचे और हांका लगाकर तेंदुए को भगाया। घटना के बाद परिजनों ने घायलावस्था में उसे सीएचसी मोतीपुर पहुँचाया, जहां उसका प्रारम्भिक उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना पर वन टीम मौके पर पहुँची। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की हलचल देखी जा रही थी, लेकिन वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्यवाई न होने के कारण आज यह घटना हुई है।

वन दारोगा शाहिद लतीफ ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही उसे पिंजरे में कैद किया जाएगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA