Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 17 जून (हि.स.)। जिले के सराय थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके अधिवक्ता पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे चारपहिया वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सराय थाना क्षेत्र के मटुक छपरा निवासी अधिवक्ता अनिल राम अपने पुत्र आयुष कुमार राम के साथ मोटरसाइकिल से बड़हरिया के नेवता गांव जा रहे थे। रात करीब नौ बजे सीवान-गोपालगंज हाईवे पर अतरसुआ मोड़ के समीप विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही एक अनियंत्रित चारपहिया गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार आयुष कुमार राम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। वहीं अधिवक्ता अनिल राम की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त चारपहिया वाहन को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma