Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 17 जून (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में एक कार दुर्घटना में चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने हादसे के संबंध में लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह मामला सुमित पंता पुत्र यशपाल पंता निवासी झिकनीपुल, तहसील चोपाल, जिला शिमला के बयान पर दर्ज किया गया है।
शिकायत में बताया गया है कि 16 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे झिकनीपुल-बाग मार्ग पर कार संख्या HP08A-1222 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 30 से 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा वाहन चालक की कथित तेज और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग के कारण हुआ।
दुर्घटना में चालक रमण कुमार पुत्र केशव राम निवासी गांव रुसलाह, डाकघर रुसलाह, तहसील नेरवा, जिला शिमला गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में भारतीय न्याय संहित (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा