राजगढ़ : रबड़ी खाने जा रहे दो दोस्तों की बाइक फिसली, ट्रॉले से कुचलकर एक की मौत
ट्रॉले ने युवक को कुचला,मौके पर मौत
ट्रॉले ने युवक को कुचला,मौके पर मौत


राजगढ़, 16 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों दोस्त बाइक से रबड़ी खाने राजस्थान सीमा की ओर जा रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।

पुलिस के अनुसार ब्यावरा निवासी संजय रजक (25) अपने मित्र प्रेम उर्फ मामा गोस्वामी (48) के साथ बाइक से ग्राम सरहदी की ओर जा रहा था। उन्हें किसी परिचित ने वहां की प्रसिद्ध रबड़ी के बारे में बताया था। दोपहर में दौलाज गांव स्थित श्मशान घाट के सामने बाइक अचानक फिसल गई। हादसे में चालक संजय सड़क पर घिसटता हुआ गिरा, जबकि पीछे बैठे प्रेम उर्फ मामा हाईवे पर जा गिरे।

इसी दौरान भोजपुर से खिलचीपुर की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रॉला प्रेम के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

हादसे में घायल संजय रजक के पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक वाहन सहित फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रॉले को पकड़ लिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बाइक के अचानक फिसलने से यह हादसा हुआ, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक