मुख्यमंत्री तथा समूची कैबिनेट को अकाल तख्त के तलब करने पर पंजाब की राजनीति गरमाई
- मुख्यमंत्री मान ने कहा, वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मैं नहीं चंडीगढ़, 16 जून (हि.स.)। अकाल तख्त साहिब की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री तथा समूची कैबिनेट को तलब किए जाने के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंग
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान फाइल फोटो


- मुख्यमंत्री मान ने कहा, वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मैं नहीं

चंडीगढ़, 16 जून (हि.स.)। अकाल तख्त साहिब की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री तथा समूची कैबिनेट को तलब किए जाने के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को उनके नाम से जोड़े जा रहे एक वीडियो को सिरे से नकारते हुए कहा कि शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल के इशारे पर उन्हें बदनाम करने और उनकी सरकार के लोक-हितैषी फैसलों से ध्यान हटाने के लिए घृणित हरकत और राजनीतिक साजिश रची जा रही है।

इस घटना को सरकार के सख्त बेअदबी विरोधी कानून और पंजाब-पक्षी फैसलों से घबराकर की गई बौखलाहट भरी कोशिश बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके खिलाफ झूठा प्रचार करने के लिए राजनीतिक प्रभाव के अधीन काम कर रहे अधिकारियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि वे श्री अकाल तख्त साहिब को सर्वोच्च मानते हैं और सम्मान के साथ इसकी आस्था के आगे पूरी नम्रता से सिर झुकाते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिशों की परवाह किए बिना वे पंजाब के ‘पानी, जवानी, किसानी और बाणी’ के हित में दलेराना फैसले लेते रहेंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान खुलेआम अकाली दल के प्रचारक बन गए हैं। अब तो सिर्फ यही कसर बाकी रह गई है कि जत्थेदार साहिब के जरिए यह फरमान जारी करवा दिया जाए कि ‘सुखबीर बादल को वोट दो, नहीं तो पंथ खतरे में है। ऐसा फैसला किसी भी वक्त लिया जा सकता है। एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दुनिया भर के पंजाबियों को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने जत्थेदार साहिब के सामने साफ कर दिया था कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मैं नहीं हूं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वीडियो में दिखाए गए व्यक्ति की न तो शारीरिक बनावट और न ही चेहरा मेरे साथ मेल खाता है, फिर भी मेरे अक्स को खराब करने के लिए झूठा और गुमराहपूर्ण प्रचार किया जा रहा है। इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे हैरानी होती है कि इतनी ऊंची धार्मिक पदवियों पर बैठे लोग खुद को राजनीतिक एजेंडे और झूठे प्रचार का हथियार बना रहे हैं। कुछ लोग पंजाब के पानी, जवानी, किसानी और बाणी की रक्षा के लिए मेरी सरकार के ऐतिहासिक फैसलों को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे राजनीतिक तौर पर निशाना बनाने के लिए धर्म का दुरुपयोग किया जा रहा है। ऐसी कोशिशें पूरी तरह निंदनीय और असहनीय हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कोई जानता है कि इन संस्थाओं में राजनीतिक नियुक्तियां और फैसले कैसे होते हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सिख संगत इस बात से भली-भांति वाकिफ है कि कैसे राजनीतिक तौर पर नियुक्त कुछ पदाधिकारी बाहरी प्रभाव के अधीन फैसले लेते हैं। मैं इस वीडियो को और ऐसे झूठे आरोपों के जरिए मुझे बदनाम करने की कोशिशों को सिरे से नकारता हूं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा