Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नगांव (असम), 16 जून (हि.स.)। नगांव जिले के बेबेजिया स्थित एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान डिमौ निवासी भास्कर डेका के रूप में हुई है।
आज प्राप्त जानकारी के अनुसार भास्कर डेका को 11 जून को बेबेजिया स्थित ‘डिवाइन अवेकनिंग वेलनेस सोसाइटी’ नामक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक की पत्नी वर्षा देवी ने नशामुक्ति केंद्र के खिलाफ बेबेजिया पुलिस चौकी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि भास्कर डेका के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। उनका दावा है कि युवक को लोहे के उपकरणों से पीटा गया था और इलाज के नाम पर उसके साथ शारीरिक प्रताड़ना की गई।
परिवार का आरोप है कि इसी कथित प्रताड़ना के कारण भास्कर डेका की मौत हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने क्षेत्र में संचालित नशामुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश