Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिमला, 16 जून (हि.स.)। मंडी जिला के सुंदरनगर में भारतीय ग्रेप्पलिंग संघ के राष्ट्रीय चेयरमैन नियुक्त होने के बाद पहली बार पहुंचे राज्यसभा सांसद प्रोफेसर (डॉ.) सिकंदर कुमार का भव्य स्वागत किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में एमेच्योर ग्रेप्पलिंग संघ हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल भी मौजूद रहे और उन्होंने डॉ. सिकंदर कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान रहा। हाल ही में वियतनाम के दा नांग में आयोजित यूडब्ल्यूडब्ल्यू एशिया ओसियाना ग्रेप्पलिंग प्रतियोगिता 2026 में भारत के लिए पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। 90 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतने वाली कविता चौहान, कांस्य पदक विजेता मयंक पाल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने वाले मनदीप को पारंपरिक हिमाचली टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा असम के गुवाहाटी में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय ग्रेप्पलिंग प्रतियोगिता 2026 में पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को भी मंच पर सम्मान मिला।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि भारतीय ग्रेप्पलिंग संघ के राष्ट्रीय चेयरमैन के रूप में उनका प्रयास रहेगा कि हिमाचल सहित देशभर के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलें। विधायक राकेश जम्वाल ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देते हैं। उन्होंने ग्रेप्पलिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए एमेच्योर ग्रेप्पलिंग संघ हिमाचल प्रदेश के प्रयासों की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षकों, विभिन्न खेल संगठनों के प्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों ने भी भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा