Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 16 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में 17 जून को आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का कलेक्टर रेना जमील ने निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में प्रथम निर्वाचन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर रेना जमील ने आयोजन स्थल एवं हेलीपैड का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा बैठक व्यवस्था, मंच निर्माण, पेयजल व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं और किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर को अवगत कराया।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित रितेश जायसवाल सहित सभी 15 वार्डों के नवनिर्वाचित पार्षद 17 जून को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। नगर पंचायत के गठन के बाद यह पहला अवसर होगा जब निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की परिषद शिवनंदनपुर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए अपने दायित्वों का औपचारिक रूप से निर्वहन शुरू करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय