Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 16 जून(हि.स.)।
अररिया भूमि सुधार उप समाहर्त्ता कार्यालय में पदस्थापित डाटा एंट्री ऑपरेटर कौशल कुमार मंडल का बीते सोमवार देर शाम को सड़क हादसे में असामयिक निधन हो गया। उनके निधन पर जिला प्रशासन की ओर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के उद्देश्य से मंगलवार को शोकसभा का आयोजन किया गया।
डीएम विनोद दूहन के निर्देश पर समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष के बरामदे में शोकसभा का आयोजन किया गया। शोकसभा में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा ईश्वर से उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
मौके पर डीएम विनोद दूहन, अपर समाहर्ता सहित समाहरणालय एवं अनुमंडल कार्यालय के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर