री-नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के लिए जयपुर जिला प्रशासन की व्यापक तैयारियां
जयपुर, 16 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित री-नीट (यूजी) 2026 परीक्षा 21 जून को जयपुर जिले के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और सुचारू
21 जून को आयोजित होगी री-नीट (यूजी) परीक्षा


जयपुर, 16 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित री-नीट (यूजी) 2026 परीक्षा 21 जून को जयपुर जिले के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित वितरण और संग्रहण की समुचित व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर मेडिकल स्टाफ, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) तथा ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर एम्बुलेंस सहित अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए रोडवेज, रेलवे, जेसीटीएसएल और जयपुर मेट्रो को पर्याप्त परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण एवं समन्वय के लिए सिटी को-ऑर्डिनेटर द्वारा सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों तथा नकल जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए परीक्षा के शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के लिए समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश