Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों और स्टेशनों पर मूलभूत यात्री सुविधाओं के उन्नयन और उनके बेहतर संरक्षण पर जोर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सर्विस इंप्रूवमेंट ग्रुप की बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
जोधपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पिछली बैठक में उठाए गए सुझावों और उन पर किए गए सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्टेशन पर लगातार बढ़ रहे यात्री भार और ट्रेनों की संख्या को देखते हुए उपलब्ध सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता जताई। बैठक में विशेष रूप से गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में पेयजल व्यवस्था, प्रतीक्षालयों की स्थिति, शौचालयों की नियमित सफाई, स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा टिकट संबंधी सेवाओं को बेहतर बनाए रखने पर चर्चा की गई।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और निगरानी तंत्र को मजबूत करना जरूरी है। बैठक में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (सिग्नल एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी, सहायक परिचालन प्रबंधक दलपत सिंह, सहायक सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) मुकेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक विजय लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, निरीक्षक और सुपरवाइजर मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश