Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 16 जून (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आज पूरी तरह से जनता के सवालों के सामने बेबस और निरुत्तर दिखाई दे रही है। सरकार की स्थिति ऐसी हो गई है कि जब जनता विकास, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था और आर्थिक कुप्रबंधन पर जवाब मांगती है तो मुख्यमंत्री और उनके मंत्री मुद्दों से भटकाने का प्रयास करने लगते हैं।
राकेश जमवाल ने कहा कि हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा प्रदेश के सामने रखे गए तथ्यों और आंकड़ों का जवाब देने के लिए आज तक मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सामने नहीं आ पाए हैं। मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से जिन मंत्रियों को जवाब देने भेजा,वे भी मूल मुद्दों पर बोलने के बजाय इधर-उधर की बातें करते रहे। प्रदेश की जनता आज भी इंतजार कर रही है कि सरकार बताए कि केंद्र से प्राप्त धनराशि, विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक क्यों नहीं पहुंच पाया।
उन्होंने कहा कि मंत्री राजेश धर्माणी का यह बयान कि अगला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नहीं बल्कि बिलासपुर से होगा, कांग्रेस की मानसिक हार का सबसे बड़ा प्रमाण है। जब सरकार के मंत्री जनता के मुद्दों का जवाब देने के बजाय अगले मुख्यमंत्री की चर्चा करने लगें तो स्पष्ट हो जाता है कि कांग्रेस चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर चुकी है। कांग्रेस अब यह मान चुकी है कि प्रदेश में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी की बनने जा रही है।
जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर असफलता के लिए केंद्र सरकार को दोष देती है, लेकिन जनता जानना चाहती है कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा स्वीकृत करवाई गई अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आज तक धरातल पर क्यों नहीं उतारा गया। आखिर किस कारण से विकास कार्यों को महीनों तक रोका जा रहा है और बार-बार टेंडर तथा री-टेंडर की प्रक्रिया के नाम पर जनता के पैसे और समय की बर्बादी की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक किसी कार्य को अपने चहेतों तक पहुंचाने का रास्ता नहीं बन जाता, तब तक उसे जानबूझकर लटकाया जाता है। कई परियोजनाओं में आठ-आठ महीने तक टेंडर प्रक्रिया चलती रहती है और उसके बाद पुनः टेंडर निकाले जाते हैं। इससे विकास कार्य ठप पड़ रहे हैं और प्रदेश का आर्थिक नुक्सान हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा