अंबुबासी मेले के लिए पूसीरे की विशेष तैयारी, चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
गुवाहाटी, 16 जून (हि.स.)। कामाख्या मंदिर में 22 से 25 जून तक आयोजित होने वाले अंबुबासी मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने व्यापक तैयारियां की हैं। रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और आराम
The image shared by NFR


गुवाहाटी, 16 जून (हि.स.)। कामाख्या मंदिर में 22 से 25 जून तक आयोजित होने वाले अंबुबासी मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने व्यापक तैयारियां की हैं। रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त टिकट काउंटर, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न यात्री सुविधाओं की व्यवस्था की है।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने मंगलवार को बताया कि मेले के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए विशेष अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही 24 घंटे टिकट बुकिंग सेवा, सहायता केंद्र, पूछताछ काउंटर, भोजन पैकेट और पेयजल वितरण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों की निर्बाध आवाजाही, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और बेहतर सुविधा सुनिश्चित करना है।

यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए पूसीरे लगभग 50 सामान्य द्वितीय श्रेणी कोचों के साथ तीन विशेष अनारक्षित ट्रेन सेवाएं संचालित करेगा। ट्रेन संख्या 05661 कामाख्या–अलीपुरद्वार जंक्शन विशेष ट्रेन 19 जून को रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 05444/05445 अलीपुरद्वार–कामाख्या–अलीपुरद्वार विशेष सेवाएं 20 से 22 जून तथा 24 से 27 जून तक प्रतिदिन संचालित की जाएंगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 05780 न्यू जलपाईगुड़ी–कामाख्या विशेष ट्रेन 20 और 27 जून को तथा ट्रेन संख्या 05779 कामाख्या–न्यू जलपाईगुड़ी विशेष ट्रेन 21 और 28 जून को चलेगी।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई नियमित यात्री ट्रेनों में अस्थायी रूप से 11 अतिरिक्त सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच भी जोड़े जाएंगे। टिकटिंग व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए कामाख्या और गुवाहाटी रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त बुकिंग काउंटर चौबीसों घंटे खुले रहेंगे। श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए विशेष सहायता केंद्र और पूछताछ काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा रेलवे के वाणिज्यिक और तकनीकी विभागों के अतिरिक्त कर्मियों को कामाख्या, गुवाहाटी और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा पूसीरे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के लगभग 200 स्वयंसेवक भी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सहायता करेंगे।

पूसीरे ने कहा कि इन व्यापक व्यवस्थाओं का उद्देश्य देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और निर्बाध तीर्थयात्रा अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे पूर्वोत्तर भारत के इस प्रमुख आध्यात्मिक आयोजन में बिना किसी कठिनाई के भाग ले सकें।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश