एसडीआरएफ जवानों के मुरीद हुए एनसीसी कैडेट्स
देखा फ्लड और रोप रेस्क्यू का हैरतअंगेज ड्राई डेमो,  संकट के समय गोल्डन ऑवर में घायलों की मदद करने की सीखी विशेष तकनीक
एसडीआरएफ जवानों के मुरीद हुए एनसीसी कैडेट्स


जयपुर, 16 जून (हि.स.)। एनसीसी के 89 कैडेट्स ने मंगलवार को एसडीआरएफ बटालियन मुख्यालय गाडोता जयपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान कैडेट्स को एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली,संगठनात्मक संरचना, आपदा प्रबंधन प्रणाली तथा विभिन्न प्रकार के रेस्क्यू अभियानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही फ्लड एवं रोप रेस्क्यू के ड्राई डेमो के माध्यम से आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली बचाव तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

एसडीआरएफ के कमांडेंट राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने जन जागरूकता कार्यक्रम के तहत फ्लड रेस्क्यू एवं रोप रेस्क्यू का ड्राई डेमो प्रस्तुत किया। कैडेट्स को जवानों ने बताया कि प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान किस प्रकार सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू अभियान संचालित किए जाते हैं तथा कठिन परिस्थितियों में जीवन रक्षा के लिए कौन-कौन सी तकनीकों का उपयोग किया जाता है।

इन कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किसी दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति में रेस्क्यू टीमों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले आमजन किस प्रकार सुरक्षित रहते हुए घायलों एवं अन्य प्रभावित लोगों की प्रभावी सहायता कर सकते हैं। प्राथमिक प्रतिक्रिया और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया।

भ्रमण के दौरान एनसीसी कैडेट्स को एसडीआरएफ परिसर का दौरा कराया गया तथा आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। जवानों ने प्रत्येक उपकरण की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं विभिन्न प्रकार की आपदाओं में उसके इस्तेमाल के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिससे कैडेट्स को आपदा प्रबंधन की व्यावहारिक समझ विकसित हो सके।

कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेट्स ने फ्लड एवं रोप रेस्क्यू के ड्राई डेमो को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। उन्होंने एसडीआरएफ जवानों की दक्षता, अनुशासन और समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को युवाओं के लिए अत्यंत लाभदायक बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश