Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ग्वालियर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में मंगलवार को स्कूल चलें हम अभियान के तहत सरकारी विद्यालयों में शाला प्रारंभ उत्सव का उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरार में आयोजित हुए हर्षोल्लासपूर्ण कार्यक्रम में कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्वयं उपस्थित होकर छात्राओं को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। साथ ही उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिये भी प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में असंभव कुछ नहीं होता, बस प्रयास निरंतर होने चाहिए। दीप प्रज्ज्वलन से शुभारंभ हुए इस कार्यक्रम में कलेक्टर ने नवप्रवेशी छात्राओं का रोली-चंदन के तिलक और पुष्पाहार से स्नेहपूर्ण स्वागत किया।
उन्होंने छात्राओं को सफलता के व्यावहारिक मंत्र भी बताए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच रखें, गुरुजनों से बेझिझक प्रश्न पूछें और अपने संशय दूर करें, साप्ताहिक पुनरावृत्ति (रिवीजन) की आदत बनाएं, रटें कम - समझें अधिक और पढ़ाई के साथ-साथ खेल, पेंटिंग व रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लें।
परीक्षा परिणाम में निराशा नहीं, चुनौती देखें
कलेक्टर रुचिका चौहान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि परीक्षा में अपेक्षित परिणाम न मिले तो हताश होने की आवश्यकता नहीं। इसे एक अवसर मानें और आत्मावलोकन करें। साथ ही जहाँ कमी रह गई, वहाँ अतिरिक्त परिश्रम से उसे दूर करें, इससे सफलता अवश्य कदम चूमेगी।
शिक्षकों को भी किया प्रेरित
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि बच्चे जब कोई सरल प्रश्न भी पूछें तो उन्हें हतोत्साहित न करें, क्योंकि आपकी सकारात्मक ऊर्जा ही उनका सबसे बड़ा संबल है। शब्दों का चयन सावधानी से करें। शिक्षक का एक वाक्य किसी बच्चे की पूरी दिशा बदल सकता है। उन्होंने भावपूर्ण स्वर में यह भी साझा किया कि उनकी अपनी सफलता में माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद की निर्णायक भूमिका रही है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी पुष्पा ढ्योड़ी, जिला परियोजना समन्वयक रविन्द्र सिंह तोमर, विद्यालय के प्राचार्य बृजकिशोर पिपरोलिया सहित अन्य आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। जिला शिक्षा अधिकारी ने पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर कलेक्टर का स्वागत किया।
स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत 16 जून को जिले के अनेक अन्य विद्यालयों में भी शाला प्रारंभ उत्सव हर्षोल्लास से मनाए गए, जहाँ जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुँचकर नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर