फायर एनओसी नहीं लेने और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर निगम की कार्रवाई, कोचिंग संस्थान सहित तीन प्रतिष्ठान सीज
जयपुर, 16 जून (हि.स.)। नगर निगम जयपुर ने अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गोपालपुरा बाईपास रोड स्थित एक प्रमुख कोचिंग संस्थान सहित तीन प्रतिष्ठानों को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई आवश्यक अग्नि सुरक्ष
निगम


जयपुर, 16 जून (हि.स.)। नगर निगम जयपुर ने अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गोपालपुरा बाईपास रोड स्थित एक प्रमुख कोचिंग संस्थान सहित तीन प्रतिष्ठानों को सीज कर दिया है। यह कार्रवाई आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं होने तथा फायर अनापत्ति प्रमाण-पत्र (फायर एनओसी) प्राप्त नहीं करने पर की गई है।

नगर निगम के उपायुक्त (फायर) प्रवीण कुमार के नेतृत्व में मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौत्तमलाल की टीम ने गोपालपुरा बाईपास रोड स्थित कौटिल्य क्लासेस भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परिसर में आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हैं तथा फायर एनओसी भी नहीं ली गई है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार संस्थान को पूर्व में नोटिस जारी कर अग्नि सुरक्षा मानकों की पूर्ति करने और फायर एनओसी प्राप्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित अवधि में आवश्यक अनुपालना नहीं की गई। इसके बाद राजस्थान नगरपालिकाएं अधिनियम, 2009 की धारा 194(7)(एफ) के तहत कार्रवाई करते हुए संस्थान को सीज कर दिया गया। इसी प्रकार अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर शिवालय क्लासेस, गोपालपुरा बाईपास रोड, मानसरोवर स्थित एक रेस्टोरेंट तथा रॉयल रजवाड़ा रेस्टोरेंट आमेर रोड को भी 180 दिनों अथवा सक्षम प्राधिकारी के अगले आदेश तक सीज किया गया है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौत्तमलाल ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठानों को पहले ही अग्नि सुरक्षा प्रावधानों की पूर्ति कर आवश्यक फायर एनओसी प्राप्त करने के लिए नोटिस दिए गए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा में नियमों की पालना नहीं की गई, जिसके चलते सीज करने की कार्रवाई की गई।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कोचिंग संस्थानों, होटल, रेस्टोरेंट और सार्वजनिक भवन संचालकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें तथा समय पर फायर एनओसी प्राप्त करें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम जयपुर जनहित और नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश