Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 16 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए ग्राम पंचायत मनोहरपुर ने शोकाकुल पहाड़ी कोरवा परिवार की सहायता कर मानवीय संवेदना का उदाहरण प्रस्तुत किया। पंचायत ने जरूरतमंद परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान कर संकट की घड़ी में सहारा देने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मनोहरपुर के पारा नौनपानी निवासी अजय कोरवा का 14 जून 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं पंचायत कर्मी उनके निवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
परिवार की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए ग्राम पंचायत मनोहरपुर की ओर से अंतिम संस्कार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पंचायत द्वारा समय पर उपलब्ध कराई गई इस सहायता से परिवार को तत्काल राहत मिली और अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में सहयोग प्राप्त हुआ।
ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि संकट और दुःख की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना पंचायत का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पंचायत भविष्य में भी जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को यथासंभव सहायता और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहेगी।
ग्रामवासियों ने भी पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मानवीय प्रयास समाज में सहयोग और संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में संबल प्रदान करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय