Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 16 जून (हि.स.)। पुलिस जिला देहरा द्वारा उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी एवं गुमशुदा व्यक्तियों की प्रभावी खोज सुनिश्चित करने हेतु गठित विशेष इकाई पोम्पू की टीम ने उद्घोषित पति-पत्नी अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से न्यायालय में वांछित चल रहे थे। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सुरेश कुमार पुत्र शक्ति चंद, निवासी गांव सलेटी, तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा, आयु 51 वर्ष तथा सीमा देवी पत्नी सुरेश कुमार, निवासी गांव सलेटी, तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा, आयु 45 वर्ष शामिल हैं।
उक्त दोनों अभियुक्त, जो आपस में पति-पत्नी हैं, एक मामले में देहरा न्यायालय की अदालत में वांछित थे। अभियुक्त न्यायालय द्वारा जारी समन एवं वारंटों की लगातार अवहेलना कर न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे, जिसके फलस्वरूप माननीय न्यायालय द्वारा बीते वर्ष 11 अगस्त 2025 को दोनों को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। पोम्पू टीम द्वारा प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर इन दोनों की तलाश में चोहाल न्यू कॉलोनी, होशियारपुर (पंजाब) क्षेत्र में सर्च एवं गिरफ्तारी अभियान चलाया गया,जिसमें उन्हें सफलता मिली और उक्त पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि गिरफ्तारी उपरांत दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें दिनांक 23 जून 2026 तक न्यायिक हिरासत में जिला कारागार धर्मशाला भेजने के आदेश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि पोम्पू टीम द्वारा पुलिस जिला देहरा में अब तक कुल सात उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायालयों के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया