Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरजपुर, 16 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को शासन की किसान हितैषी योजनाओं से लाभान्वित किसानों की सफलता की एक और प्रेरणादायक कहानी सामने आई। ग्राम बसदेई निवासी किसान किशुन सिंह ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्राप्त प्रोत्साहन राशि का उपयोग खेती की उन्नति और परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति में कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाया है।
किशुन सिंह, स्वर्गीय दुलार साय के पुत्र हैं और उनके पास 1.62 हेक्टेयर कृषि भूमि है। वे खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वर्ष 2025-26 में उन्होंने समर्थन मूल्य पर 50 क्विंटल धान का विक्रय किया, जिसके आधार पर उन्हें कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत 40 हजार रुपये की बोनस राशि प्राप्त हुई।
किशुन सिंह बताते हैं कि योजना के तहत मिली यह राशि उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई। उन्होंने बोनस राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों की पूर्ति के साथ-साथ कृषि कार्यों को बेहतर बनाने में किया। प्राप्त राशि से उन्होंने उन्नत किस्म के बीज और कीटनाशक दवाइयों की खरीद की, जिससे खेती की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिली।
उन्होंने बताया कि राशि का एक हिस्सा बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर भी खर्च किया गया, जिससे परिवार को आर्थिक राहत मिली और शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता प्राप्त हुई। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ हुई है।
किशुन सिंह का कहना है कि राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना से मिलने वाली अतिरिक्त आय किसानों को खेती में निवेश बढ़ाने और परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करती है।
उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। योजना का लाभ मिलने से किसान आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और कृषि कार्यों में नई ऊर्जा के साथ जुट रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कृषक उन्नति योजना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है। जिले के अनेक किसान इस योजना का लाभ लेकर खेती में निवेश बढ़ा रहे हैं और अपने जीवन स्तर में सुधार ला रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय