उत्कृष्ट विद्यालयों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर परीक्षा परिणाम पर दिया जोर
खूंटी, 16 जून (हि.स.)। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने मंगलवार को जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय एवं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कर्रा का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं और पठन-पाठन व्यवस्था की विस्तृत समी
निरीक्षण


खूंटी, 16 जून (हि.स.)। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने मंगलवार को जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय एवं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कर्रा का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं और पठन-पाठन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में सुधार लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र-छात्राओं की संख्या, कक्षाओं के नियमित संचालन, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों के साथ बैठक कर शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि वर्ष में कम से कम चार बार अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की प्रगति और समस्याओं की जानकारी अभिभावकों तक नियमित रूप से पहुंच सके। उन्होंने पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष शैक्षणिक सहायता और अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था करने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक छात्र की सीखने की क्षमता और प्रगति पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा उसके अनुसार सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित रिपोर्ट अभिभावकों को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने विद्यालय के पूर्व परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए शिक्षकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पाठ्यक्रम पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए सुनियोजित अध्ययन, नियमित मूल्यांकन और प्रभावी शिक्षण पद्धति आवश्यक है।

उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित और पुरस्कृत करने की व्यवस्था करने पर भी बल दिया, ताकि अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिल सके। साथ ही विद्यालयों में अनुशासित, सकारात्मक और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद उपायुक्त ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कर्रा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्राओं की उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पुस्तकालय, शिक्षकों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने विशेष रूप से सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए भी तैयार किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों के निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील, कर्रा बीडीओ स्मिता नागेशिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा