Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 16 जून (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी अगामी 20 जूनको अपना 14वां दीक्षांत समारोह आयोजित करेगा। इस अवसर पर संस्थान के 643 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। यह समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ-साथ शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।
समारोह में वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक बी. के. गोयनका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामकोटी और आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर रंगन बनर्जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईआईटी मंडी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कंवलजीत सिंह ढिल्लों करेंगे।
इस वर्ष डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 321 स्नातक, 259 स्नातकोत्तर और 63 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं। इसके अलावा शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न पदक और सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।
आईआईटी मंडी के अनुसार इस वर्ष स्नातक होने वाला बीटेक बैच संस्थान के इतिहास का सबसे बड़ा बैच है। यह अब तक का सबसे बड़ा बीटेक स्नातक समूह भी होगा।
संस्थान के निदेशक प्रोफेसर लक्ष्मीधर बेहरा ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत, समर्पण और शैक्षणिक उपलब्धियों का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान के विद्यार्थी नवाचार, ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों के साथ समाज और विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि आईआईटी मंडी बहुविषयी शिक्षा, अनुसंधान उत्कृष्टता, उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों को उनके भावी जीवन और करियर में उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा